गाजीपुर। थाना गहमर क्षेत्र के चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की है। यह हत्याकांड 24 दिसंबर 2025 को गहमर पट्टी खेलू राय स्थित एक तालाब के पास हुआ था, जिसमें विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मुख्य आरोपी ओम सिंह को 27 दिसंबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को अमन सिंह और अरविंद सिंह उर्फ भदाकू को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों सीमा सिंह, अभिषेक सिंह, अमरजीत सिंह, कृपेन्द्र शंकर सिंह उर्फ नीरज सिंह, शैलेश सिंह और अंजनी सिंह को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं लखन उर्फ विकास सिंह तथा अमित सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था और दोनों जिला कारागार में निरुद्ध हैं।
पुलिस का कहना है कि इस जघन्य वारदात से पूरे गहमर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था तथा बाजार, स्कूल और अन्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई थीं। पीड़ित परिवारों की सुरक्षा के लिए लगातार पुलिस बल तैनात किया गया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस गश्त की गई।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए 15 जून 2026 को लखन उर्फ विकास सिंह के विरुद्ध तथा 29 जून 2026 को अरविंद सिंह उर्फ भदाकू और अमन सिंह के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की धारा 3(2) के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














