गाजीपुर। जनपद में कारागार एवं किशोर गृहों में बंदियों और किशोरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडे, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिला कारागार तथा राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही भोजन, चिकित्सा और दैनिक व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
जिला जज, डीएम और एसपी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा नियमित चिकित्सकीय परीक्षण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद अधिकारियों ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी/राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया। यहां रह रहे किशोरों से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, भोजन, रहन-सहन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने किशोरों के पुनर्वास और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संस्थानों में सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर सीजेएम नूतन द्विवेदी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














