गाज़ीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान ग्राम जरगो से पलिया मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में सेराज खान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी संतोष राजभर और दिलमोहन राठौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल सेराज खान को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बिरनो भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार जिंदा गोवंश से लदा पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना बिरनो में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घायल सेराज खान और संतोष राजभर पर गोवध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और अन्य गंभीर मामलों सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।














