गाजीपुर – बहरियाबाद थाना पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। रविवार 22 जून 2026 को उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हाजीपुर पुलिया के पास से चोरी की घटना में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा और एक लोहे की पाइप बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुलशुन कुमार उर्फ बुलबुल (24 वर्ष) पुत्र कमलेश भारती तथा प्रेमचन्द्र उर्फ छोटू (29 वर्ष) पुत्र नन्दलाल राम, दोनों निवासी रायपुर थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
बहरियाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।














