गाजीपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली द्वारा आयोजित री-नीट यूजी परीक्षा-2026 रविवार को जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से एमएएच इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जनपद में परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए थे, जहां दो जोनल अधिकारी, सात ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सात केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी। कुल 3318 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3059 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 259 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी लगातार निगरानी रखी गई, जिससे किसी प्रकार की अफवाह या अनुचित गतिविधि को तत्काल रोका जा सके। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।














