गाजीपुर – जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तहसील सदर सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में किया गया। सदर तहसील में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 511 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 51 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया। तहसील सेवराई में 66 शिकायतों में 4, कासिमाबाद में 61 में 6, जमानियां में 56 में 6, जखनियां में 120 में 6, सैदपुर में 81 में 5 तथा मुहम्मदाबाद में 75 शिकायतों में 15 मामलों का मौके पर समाधान किया गया।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का तत्काल निस्तारण कराया और शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश के साथ अग्रसारित किया। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद से जुड़े मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














