गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवती से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने तथा बाद में जान से मारने की धमकी देकर घर से भगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गांव के ही एक व्यक्ति के घर घरेलू कार्य और चूल्हा-चौका करने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर और डराकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके कारण वह लंबे समय तक चुप रही।
तहरीर के अनुसार, लगातार शोषण के चलते वह गर्भवती हो गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब इसकी जानकारी आरोपी को हुई तो 9 जून 2026 को उसने अपने पुत्र और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसे धमकाया और घर से भगा दिया। युवती का दावा है कि उसके गर्भ में आरोपी का बच्चा पल रहा है।
घटना के बाद पीड़िता अपने पिता के साथ रह रही है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी, उसके पुत्र तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














