गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के मुडरभा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में जुड़वा भाइयों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बच्चेलाल यादव के जुड़वा पुत्र हिमांशु यादव और प्रियांशु यादव भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गांव के पोखरे में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों भाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो ग्रामीण तत्काल बचाव कार्य में जुट गए।ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पोखरे में उतरकर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।अस्पताल से मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां की चीख-पुकार और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।ग्रामीणों ने बताया कि हिमांशु और प्रियांशु जुड़वा भाई थे और हमेशा साथ रहते थे। दोनों साथ खेलते, साथ स्कूल जाते और एक-दूसरे के बेहद करीब थे। उनकी एक साथ मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। एक ही परिवार के दो मासूम बेटों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।














