गाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय जंगीपुर में सोमवार को मासिक बैठक विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, पूर्व राज्य मंत्री रमाशंकर राजभर तथा जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की मजबूती, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज को एकजुट करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन को मजबूत करने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता साहसी और समर्पित हैं तथा वे प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं को जागरूक कर पीडीए समाज को मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मान और अधिकार तभी सुरक्षित रहेंगे जब पीडीए समाज एकजुट होकर आगे बढ़ेगा।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
विधायक ने जिले की कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गाजीपुर में लूट, हत्या और चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने पलहीपुर की एक राजभर बेटी के साथ हुई दरिंदगी की घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता को जल्द न्याय मिलना चाहिए।
पीडीए सरकार बनाने का संकल्प
पूर्व राज्य मंत्री रमाशंकर राजभर ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पीडीए की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में पीडीए की सरकार बनाने के लिए सभी समाजवादी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने की बात कही।
समाज को एकजुट करने की अपील
जिला उपाध्यक्ष एवं जंगीपुर प्रभारी मुन्नीलाल राजभर ने कहा कि यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने वोट की रक्षा करते हुए सभी समाजों को जोड़ने का काम करे तो पीडीए का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के हक, हिस्सेदारी और सम्मान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, सेक्टर एवं जोनल प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं का स्वागत, अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन मीडिया प्रभारी सुनील यादव सोनू ने किया।














