गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर इंद्रलोक गार्डन (मैरिज लॉन), गाजीपुर में भाजपा युवा नेता आदित्य सिंह के नेतृत्व में रक्तदान शिविर, सुंदरकांड पाठ, वृक्षारोपण तथा दिव्यांग बच्चों को स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आईडी मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंध निदेशक आनंद कुमार सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके पश्चात आयोजित रक्तदान शिविर में 30 रक्तदानवीरों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने दिव्यांग बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और रक्तदान दोनों ही समाज के सबसे पुण्य कार्यों में शामिल हैं। पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। साथ ही कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम है, इसलिए सभी स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
भाजपा युवा नेता आदित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यश देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है। उनके जन्मदिवस पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुंदरकांड पाठ, रक्तदान एवं वृक्षारोपण जैसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
अंत में भाजपा नेता एवं आईडी मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन आनंद सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।














