गाजीपुर – आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर संविदा आधारित भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि प्रमुख सचिव, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश लखनऊ के शासनादेश तथा निदेशालय के निर्देशों के अनुसार जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसके लिए विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन 18 जनवरी 2026 तक आमंत्रित किए गए थे।
जिलाधिकारी गाजीपुर से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद बाल विकास परियोजना शहर, सदर, विरनो, कासिमाबाद, जखनियां, मनिहारी, सादात, करंडा, रेवतीपुर, भदौरा और सैदपुर क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर चयन की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है।
भर्ती से संबंधित चयन सूची को संबंधित खंड विकास कार्यालय, तहसील, उपजिलाधिकारी कार्यालय एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों में चस्पा कराया गया है। इसके साथ ही सूची को एनआईसी गाजीपुर के पोर्टल पर भी अपलोड कर दिया गया है, जिससे अभ्यर्थी आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चयनित अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों एवं तथ्यों की जांच की जाएगी। यदि किसी भी अभ्यर्थी के दस्तावेज या जानकारी कूट रचित अथवा गलत पाई जाती है, तो उनका अभ्यर्थन नियमानुसार निरस्त कर दिया जाएगा।














