गाज़ीपुर – नोनहरा थाना क्षेत्र स्थित बौरी चट्टी पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बारात से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटता चला गया। बाइक के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर दूर तक खून बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, नोनहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी कर ट्रेलर चालक को वाहन समेत पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार इंग्लिशपुर गांव से एक बारात कासिमाबाद क्षेत्र के खेताबपुर गई थी। रात करीब 11 बजे बारात से लौटते समय बौरी चट्टी के पास हादसा हो गया। मृतकों की पहचान सुमित कुमार (21), नीरज कुमार (18) और नितेश राम (17) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। खास बात यह है कि नीरज कुमार के छोटे भाई की भी एक साल पहले मौत हो चुकी थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।














