नोएडा। धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम इस शनिवार नोएडा में देखने को मिलेगा, जब Shri Siddh Peeth Shani Mandir में शनि जयंती एवं शनि अमावस्या महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
यमुना पुस्ता मार्ग स्थित इस प्राचीन मंदिर में 16 मई को दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, वैदिक मंत्रोच्चार, अष्टकुंडीय शनि महायज्ञ, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। आयोजन में नोएडा समेत दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
सुबह 3:30 बजे से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव की जानकारी देने के लिए गुरुवार को Noida Media Club में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
मंदिर समिति के अध्यक्ष ठाकुर मानसिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत तड़के सुबह 3:30 बजे दिव्य श्री शनि अभिषेक के साथ होगी। इसके बाद सुबह 5:30 बजे मंगल आरती आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक प्रसिद्ध विद्वान आचार्य पुष्कर चंद्र भट्ट के सान्निध्य में अष्टकुंडीय श्री शनि महायज्ञ संपन्न होगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु आहुति देंगे और भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
भव्य भंडारा और भक्तिमय माहौल रहेगा आकर्षण
मंदिर समिति के मंत्री राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
शाम होते-होते मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में बदल जाएगा। शाम 7 बजे से भव्य संध्या महाआरती, मनमोहक झांकियां और भजन संध्या कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
आयोजकों के अनुसार, मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
इस धार्मिक आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री के. पी. एस. मलिक विशिष्ट अतिथि तथा नोएडा विधायक विधायक पंकज अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचने की अपील
श्री शनि सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर भगवान शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना, श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करने का भी एक माध्यम है।














