गाजीपुर – आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील मुहम्मदाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनपद की सभी सातों तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समाधान दिवस में कुल 404 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 43 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। तहसील सदर में 65 शिकायतों में 7 का, जखनियां में 82 में 5 का, सेवराई में 38 में 4 का, जमानियां में 56 में 5 का, सैदपुर में 33 में 2 का तथा कासिमाबाद में 42 में 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जमीन और आपसी विवादों को प्राथमिकता से निपटाने के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया। साथ ही ग्राम प्रधानों के सहयोग से गांव स्तर पर ही छोटे विवादों को सुलझाने की सलाह दी।
लेखपालों को निर्देशित किया गया कि वे छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न करें और आम लोगों को परेशान न होने दें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जमीन, रास्ता और खेत की नापी जैसे मामलों का निस्तारण पहले ग्राम स्तर पर कराने का प्रयास करें। यदि वहां समाधान न हो सके, तभी उच्च स्तर पर संपर्क करें।














