गाजीपुर – कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वृक्षारोपण कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दीर्घकालिक पहल है। इसे सफल बनाने के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने वन विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, शिक्षा विभाग समेत अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से रोपित पौधों की देखभाल और संरक्षण पर जोर दिया गया, ताकि लगाए गए पौधे जीवित रहकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें। ग्राम्य विकास विभाग (डीसी मनरेगा) को जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में मियांवाकी पद्धति से वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए, जिससे तेजी से हरित क्षेत्र का विस्तार किया जा सके।
साथ ही, वर्ष 2026 के लिए निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य के अनुसार स्थल चयन की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। जिन विभागों द्वारा अब तक आवश्यक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है, उन्हें तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, परियोजना निदेशक सहित सभी खंड विकास अधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।














