उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुकेश सहनी ने निषाद आरक्षण की मांग को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी 11 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने गुरुवार को बयान जारी कर बताया कि मुकेश सहनी उत्तर प्रदेश में निषाद समुदाय के आरक्षण की लड़ाई को तेज करने के लिए लखनऊ पहुंचेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और निषाद समाज के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
11 अप्रैल को होने वाला यह सम्मेलन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए मुकेश सहनी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ निषाद आरक्षण की मांग को और मजबूत करने की रणनीति बनाएंगे। पार्टी का मानना है कि निषाद समुदाय के अधिकारों और आरक्षण की मांग को लेकर व्यापक जनसमर्थन जुटाने की आवश्यकता है।
देव ज्योति ने आरोप लगाया कि पिछली चुनावी प्रक्रिया के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने निषाद आरक्षण को लेकर सिफारिश की थी, लेकिन बाद में इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि उस समय निषाद समाज को बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब तक उन्हें आरक्षण नहीं मिल सका।
उन्होंने यह भी कहा कि मुकेश सहनी इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछेंगे कि जब राज्य में डबल इंजन की सरकार है तो निषाद समाज को अब तक आरक्षण क्यों नहीं दिया गया।
गौरतलब है कि विकासशील इंसान पार्टी महागठबंधन का हिस्सा रही है। पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी ने महागठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ा था, हालांकि उसके उम्मीदवारों को जीत नहीं मिल सकी थी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लखनऊ में होने वाला यह कार्यकर्ता सम्मेलन 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का हिस्सा है। इसके जरिए मुकेश सहनी उत्तर प्रदेश में निषाद समुदाय को संगठित कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।














