गाजीपुर – गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब वाराणसी से महाराष्ट्र जा रही एक टूरिस्ट बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारे गांव के पास हुई। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे, जो महाराष्ट्र के बुलढाणा और जलगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस तीन बार पलटी और फिर सीधी खड़ी हो गई।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री उसके नीचे दब गए। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से घायलों को महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मृतकों में एक महिला की पहचान सरस्वती (70), निवासी बुलढाणा के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री पहले वाराणसी दर्शन करने आए थे और नेपाल घूमने के बाद वापस लौट रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।














