गाजीपुर * मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार सहित विद्युत विभाग के अभियंता, जीएमआर प्रतिनिधि एवं पंजीकृत वेंडर्स मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी ने बताया कि विद्युत विभाग में मीटर कॉन्फ़िगरेशन के 48, बिल संशोधन/बिल न बनने/एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट से जुड़े 35 तथा मीटर इंस्टॉलेशन से संबंधित 8 मामले लंबित हैं। वहीं बैंकों के स्तर पर ऋण वितरण और आंशिक वितरण से जुड़े कुल 878 प्रकरण लंबित हैं, जिनमें एसबीआई के 381 और यूबीआई के 280 मामले शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी लंबित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि विद्युत विभाग और बैंकों में लंबित आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए। उन्होंने यूपीनेडा को लगातार निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा, 81 मामले ऐसे पाए गए जिनमें बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बावजूद वेंडर्स द्वारा इंस्टॉलेशन लंबित है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित वेंडर्स से समन्वय स्थापित कर 7 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।














