गाजीपुर – मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एक अप्रैल से शुरू होने वाले अभियान की तैयारियों और अब तक की गई गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।
सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान देने को कहा, जहां पूर्व अभियानों के दौरान निगरानी नहीं हो सकी थी। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्र में जांच अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी को वार रूम में प्रत्येक ब्लॉक के लिए एक-एक अधिकारी नामित कर दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को ब्लॉक स्तर पर समन्वय बनाकर सामुदायिक गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
सीडीओ ने साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई और जलभराव रोकने जैसे कार्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने अभियान की कार्ययोजना, तैयारियों और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा की।














