गाजीपुर – बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आने पर तीन प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का वेतन रोक दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उपासना रानी वर्मा ने सोमवार को सादात ब्लॉक के चार विद्यालयों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्था और शिक्षण कार्य में कई कमियां पाई गईं।
बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय आसपुर, प्राथमिक विद्यालय आतमपुर छपरा, प्राथमिक विद्यालय परसनी तथा मुबारकपुर हरतरा स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई शिक्षक शिक्षक संदर्शिका का उपयोग नहीं कर रहे थे और उनकी शिक्षक डायरी भी अधूरी पाई गई। इसके अलावा विद्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कई बच्चे बिना यूनिफॉर्म के स्कूल पहुंचे थे। इस संबंध में जब प्रधानाध्यापकों से पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों से संबंधित सामग्री के रखरखाव और स्टॉक पंजिका की भी मांग की गई, लेकिन मौके पर उसे प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बीएसए उपासना रानी वर्मा ने प्राथमिक विद्यालय आसपुर, आतमपुर छपरा और परसनी के प्रधानाध्यापकों का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और स्वच्छता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














