ग़ाज़ीपुर – जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में सोमवार शाम सात दिवसीय चल रहे ‘जग’ कार्यक्रम के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रसाद खाते समय मारी गोली
जानकारी के अनुसार मदारपुर निवासी विशाल यादव (23) पुत्र रामाश्रय यादव कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ जमीन पर बैठकर प्रसाद ग्रहण कर रहा था। इसी दौरान गांव का गोल्डेश यादव पुत्र शिवधर यादव वहां पहुंचा और तमंचे से विशाल के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।
पिता पर भी किया फायर
घटना की जानकारी मिलने पर विशाल के पिता रामाश्रय यादव घर से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी गोल्डेश यादव वहां भी पहुंच गया और उनके ऊपर भी फायर कर दिया। हालांकि इस दौरान रामाश्रय यादव बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी के साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे।
गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल विशाल को आनन-फानन में गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक दबंग प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ जंगीपुर थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि गोली चलने की घटना हुई है। घायल युवक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे वाराणसी रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।














