ग़ाज़ीपुर – अविनाश कुमार एवं डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को गाजीपुर की सदर तहसील में आयोजित “सम्पूर्ण समाधान दिवस” में जनता की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करने और निष्पक्ष तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में उच्चाधिकारियों के स्तर पर कार्रवाई आवश्यक है, उनमें तत्काल रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेजी जाए, ताकि शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाएगा।














