गाजीपुर जमानियां- कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पोते ने अपने ही दादा की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अवधेश बिंद के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री थे। घटना के संबंध में उनकी पत्नी तेतरी देवी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अवधेश बिंद गांव में एक पट्टीदार के यहां छत पर ईंट जोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका 25 वर्षीय पोता शिवा बिंद वहां पहुंचा और बातचीत के बाद अचानक पीछे से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवधेश को परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। शिवा के पिता कुद्दन बिंद ने बताया कि उनका पुत्र मानसिक रूप से कमजोर है और हत्या के कारणों की जानकारी नहीं है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।














