जम्मू: जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी धाम के समग्र विकास, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रविवार (8 फरवरी) को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की एक अहम बैठक लोक भवन में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के चेयरमैन मनोज सिन्हा ने की। बैठक में धार्मिक पर्यटन, सामाजिक-आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय और साउंड एंड लाइट शो
बैठक का सबसे प्रमुख फैसला मां शक्ति की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के संग्रहालय की स्थापना का रहा। यह संग्रहालय माता वैष्णो देवी की पौराणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं तक पहुंचाएगा।
इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों की तर्ज पर माता वैष्णो देवी धाम में साउंड एंड लाइट शो शुरू करने और एक विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान और अधिक समृद्ध आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।
रोजगार और युवाओं के लिए बड़े फैसले
श्राइन बोर्ड ने लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए मुफ्त नीट (NEET) कोचिंग केंद्र स्थापित करने का फैसला भी लिया गया है, ताकि मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और संसाधन मिल सकें।
पोनीवालों के लिए चरणबद्ध पुनर्वास योजना
माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले पोनीवालों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध पुनर्वास योजना लागू की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इन सेवा प्रदाताओं की आजीविका को सुरक्षित रखना है, ताकि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे।
Chaired Shri Mata Vaishno Devi Shrine Board meeting today. A series of high-impact decisions have been finalized to completely transform the shrine and its surrounding region into India’s leading and most vibrant spiritual destination-earning worldwide acclaim. pic.twitter.com/vLyn2cRsSP
— Office of LG J&K (@OfficeOfLGJandK) February 8, 2026
यात्रा अनुभव बेहतर बनाने के लिए समिति का गठन
बैठक में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ाने, यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने तथा भविष्य की योजनाओं पर सुझाव देने के लिए एक विशेष समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। यह समिति अपनी सिफारिशें श्राइन बोर्ड को सौंपेगी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
श्राइन बोर्ड ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और स्थानीय युवा उद्यमियों से खरीद को प्राथमिकता दी जाएगी। माता के भोग और अन्य प्रसाद सामग्री भी स्थानीय स्तर से ही जुटाई जाएगी, जिससे आर्थिक लाभ सीधे स्थानीय समुदाय तक पहुंचे।
शहरी विकास में भी योगदान
इसके अलावा श्राइन बोर्ड ने तीर्थ क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के शहरों के समग्र विकास में भी प्रत्यक्ष योगदान देने का फैसला किया है। इससे शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा।
इन सभी फैसलों को माता वैष्णो देवी धाम के दीर्घकालीन विकास, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं में सुधार और जम्मू-कश्मीर के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।














