गाजीपुर – बिरनो ब्लॉक स्थित भड़सर क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवक प्रणव सिंह ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) व जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) में शानदार सफलता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने डिफेंस स्टडीज विषय में NET उत्तीर्ण करने के साथ-साथ JRF में पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्रणव सिंह, डॉ. राकेश सिंह के पुत्र और माधव सिंह के पौत्र हैं। परिवारजनों के अनुसार वे बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बलिया जनपद के रसड़ा क्षेत्र से हुई, जहां उन्होंने मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार किया। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से डिफेंस स्टडीज में स्नातकोत्तर किया और निरंतर मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
प्रणव के भाई और समाजसेवी मनीष सिंह ने बताया कि यह सफलता पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रणव की मेहनत और लगन अन्य युवाओं को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
परिवार के अनुसार उन्हें शिक्षा और समाज सेवा की प्रेरणा अपने दादा से मिली, जो क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक रहे हैं। सफलता के बाद घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है और लोग मिठाई बांटकर खुशी मना रहे हैं।














