केंद्र सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी राज कुमार गोयल को केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) का नया मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार (15 दिसंबर) को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राज कुमार गोयल ने पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त हीरालाल सामरिया का स्थान लिया है। सामरिया का कार्यकाल 13 सितंबर को समाप्त होने के बाद से यह पद रिक्त था। लगभग तीन महीने बाद अब आयोग को नया नेतृत्व मिला है।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाले पैनल ने की थी सिफारिश
मुख्य सूचना आयुक्त के चयन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति ने 10 दिसंबर को हुई बैठक में राज कुमार गोयल के नाम की सिफारिश की थी। इस समिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल थे।
कौन हैं राज कुमार गोयल?
राज कुमार गोयल 1990 बैच के सेवानिवृत्त AGMUT कैडर (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश) के IAS अधिकारी हैं। वे 31 अगस्त को कानून और न्याय मंत्रालय के अंतर्गत न्याय विभाग के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे केंद्र सरकार और तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य में कई अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।
पूरी क्षमता से काम करेगा केंद्रीय सूचना आयोग
नव नियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त और अन्य सूचना आयुक्तों के कार्यभार संभालने के साथ ही लगभग नौ वर्षों के अंतराल के बाद केंद्रीय सूचना आयोग अब पूरी क्षमता से कार्य करेगा।
गौरतलब है कि आयोग की अध्यक्षता मुख्य सूचना आयुक्त करते हैं और इसमें अधिकतम 10 सूचना आयुक्त हो सकते हैं। वर्तमान में आनंदी रामलिंगम और विनोद कुमार तिवारी सूचना आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं।














