गाजीपुर – मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में शनिवार दोपहर करीब दो बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के बाहर मड़ई में चारपाई पर सो रहे 19 वर्षीय निरूपम यादव की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने निरूपम के सीने पर सीधी गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही परिजन आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के अनुसार, निरूपम यादव सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था और रोजाना की तरह दोपहर में घर के बाहर मड़ई में आराम कर रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और आराम से फरार हो गए।निरूपम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां सुभावती देवी, भाई ऋषभ और परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं। गांव में घटना के बाद तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।














