
गाजीपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर से बटन दबाकर गाजीपुर जिले के किसानों को पीएम किसान निधि का लाभ दिया। जनपद के 4,42,000 किसानों का डाटा भेजा गया था, जिनके खातों में किसान सम्मान निधि की राशि जमा की गई। इस कार्यक्रम का प्रसारण जिलेभर में किया गया, जिसमें दोनों कृषि विज्ञान केंद्रों और 16 विकास खंडों में स्थित कृषि निवेश केंद्रों से किसानों को जोड़ा गया।

इस दौरान किसानों को तकनीकी जानकारी और सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। आंकुशपुर कृषि विज्ञान केंद्र ने त्वरित मक्का योजना के तहत करंडा विकासखंड के किसानों को मुफ्त मक्का बीज वितरित किए।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख बिरनो राजन सिंह ने कहा कि “सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों के लिए बहुत फायदेमंद हैं। सरकार की यह पहल किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी खेती को उन्नत बनाने में मदद कर रही है।”
कार्यक्रम में कई कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, प्रगतिशील किसान, केवीके अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और जिला कृषि अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान और छात्र शामिल हुए। कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज में भी किसानों को अनुदानित स्प्रेयर मशीन वितरित की गई।