HomePARDAFHAAS BREAKING25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, किडनैपिंग का था आरोपी

25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, किडनैपिंग का था आरोपी

गाज़ीपुर । चर्चित मोहम्मदाबाद किडनैपिंग मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मोहम्मदाबाद और नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात थाना प्रभारी मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तिवारीपुर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से गौसपुर की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों मोटरसाइकिल की गति बढ़ाकर कठवा मोड़ की तरफ भागने लगे। सूचना प्रसारित कर पुलिस टीमों ने उनकी घेराबंदी शुरू कर दी।

गौसपुर हवाई पट्टी के पास खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विजयी पुत्र छोटेलाल (34), निवासी बढ़ई पूरा, थाना मोहम्मदाबाद, गाजीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा।

पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments