
गाजीपुर: भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कलां स्थित गंगा तट पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र पिंटू राम निवासी शेरपुर कलां के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश सुबह लगभग 7:30 बजे गंगा स्नान के लिए गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे डूबते देखा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पूरी तरह डूब चुका था।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजन भी सूचना पाकर तट पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद गोताखोरों ने उसका शव बरामद कर लिया।घटना की जानकारी मिलते ही शेरपुर पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार भगवान पांडेय एवं अन्य राजस्व कर्मी भी मौजूद रहे। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।