गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र में भाजपा के नुक्कड़ नाट्य कार्यक्रम के दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को संदीप यादव निवासी मड़ई हथौड़ा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह नुक्कड़ नाट्य कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को मुकदमे की विवेचना के दौरान संदीप यादव और दूसरे पक्ष के पवन यादव तथा रजनीश उर्फ गोलू यादव थाना परिसर में मौजूद थे। मुकदमा दर्ज होने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। संदीप यादव शांत हो गए, लेकिन पवन यादव और रजनीश उर्फ गोलू यादव कथित रूप से विवाद करते रहे।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पवन यादव (28) पुत्र हरिदास यादव और रजनीश उर्फ गोलू यादव (22) पुत्र हरिलाल यादव, निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना खानपुर को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की। दोनों को थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय मय हमराह शामिल रहे। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की है















