गाजीपुर – कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास रसड़ा मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय बाइक सवार रामावतार राम की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रामावतार को आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल कासिमाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव निवासी रामावतार राम के रूप में हुई। वह गांव के पूर्व प्रधान होने के साथ किसान सभा के ब्लॉक अध्यक्ष भी थे। उनके पुत्र विशाल ने अस्पताल पहुंचकर शव की पहचान की।
किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि रामावतार राम वेद बिहारी पोखरा में आयोजित किसान सभा की बैठक में शामिल हुए थे। किसी जरूरी कार्य का हवाला देकर वह बैठक से पहले ही निकल गए थे। देर शाम हादसे की सूचना मिलने पर वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शोक व्यक्त किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत रसड़ा की ओर फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।














