HomeCrimeचाचा-भतीजी का खौफनाक राज़: गाजीपुर में गला रेतकर भतीजी की मौत, चाचा...

चाचा-भतीजी का खौफनाक राज़: गाजीपुर में गला रेतकर भतीजी की मौत, चाचा वाराणसी रेफर

गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के देवरीबारी गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुबह करीब 9:30 बजे अचानक एक घर से जोर-जोर की चीखें सुनाई दीं। कुछ ही पलों में ग्रामीण वहां पहुंचे तो दृश्य भयावह था— घर के कमरे में खून से सनी फर्श पर 23 वर्षीय मधु चौहान और उसका चचेरा चाचा 25 वर्षीय सुनील चौहान लहूलुहान पड़े थे।

आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया

परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को जिला अस्पताल गाजीपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने मधु को बचाने की हरसंभव कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सुनील की हालत नाज़ुक देखते हुए उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतका और आरोपी एक ही परिवार से

जानकारी के मुताबिक मृतका मधु चौहान, दुर्ग विजय चौहान की बेटी थी। वहीं आरोपी सुनील चौहान, स्वर्गीय सुरेंद्र चौहान का बेटा और मृतका का चचेरा चाचा है। बताया जा रहा है कि सुनील मूल रूप से मऊ ज़िले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के हरौली गांव का रहने वाला है, लेकिन कुछ समय से गाजीपुर में ही रह रहा था।

सुसाइड नोट मिलने की चर्चा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे पारिवारिक तनाव या आपसी संबंधों की जटिलता की कहानी छिपी हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल कर रही है।

पिता ने बाहरी हस्तक्षेप से किया इनकार

मृतका के पिता दुर्ग विजय चौहान ने पुलिस को स्पष्ट तौर पर कहा है कि इस मामले में किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता नहीं है और यह पारिवारिक मामला है। उनका कहना है कि वे तहरीर नहीं देंगे। फिलहाल पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर रही है और साक्ष्य इकट्ठा कर रही है।

गांव में सनसनी, लोग कर रहे हैं चर्चाएं

घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। लोग इस रिश्ते के भीतर छिपे खौफनाक राज़ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। चाचा-भतीजी के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि नौबत गला रेतकर हत्या और आत्महत्या तक आ गई? यह अब तक रहस्य बना हुआ है।

पुलिस की जांच जारी

थाना अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। बरामद साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments