गाजीपुर, जनपद में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का आयोजन सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच संपन्न हुआ। परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हनुमान सिंह इंटर कॉलेज देवकली, शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया तथा परीक्षा कक्षों में पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड का सत्यापन भी कराया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें। किसी भी केंद्र पर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहली पाली की परीक्षा में कुल 4800 अभ्यर्थियों में से 1244 अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 4800 अभ्यर्थियों में से 1221 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 2465 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बताया है।














