HomePARDAPHAAS BREAKING17 और 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए...

17 और 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

गाजीपुर। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनके पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय कर सहयोग करने की अपील की। नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए संबंधित व्यक्ति को अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर जाना होगा। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध होने पर उसकी संख्या भी साथ ले जा सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, विवरण में संशोधन या स्थान परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरना होगा।
बैठक में कांग्रेस के रविकान्त राय, समाजवादी पार्टी के राजेश कुमार यादव और निजामुद्दीन खां, भाजपा के राजन प्रजापति, बसपा के आदित्य कुशवाहा और जनक राम तथा आम आदमी पार्टी के जावेद अहमद सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments