सादात। स्कूल से घर लौट रही छात्राओं को रास्ते में रोककर छेड़खानी, छींटाकशी, अभद्रता और धमकी देने के मामले में सादात पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसके कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे एमबी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को वादिनी ने थाना सादात में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह अपनी बहन और सहेली के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपितों ने रास्ते में उन्हें रोककर छेड़खानी और छींटाकशी की। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 186/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सादात के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेश चन्द्र कुशवाहा और उपनिरीक्षक हरिहर प्रसाद मिश्र ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर शादियाबाद से मजुई चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते से निलेश कुमार (19), प्रदीप चौहान (29) और बृजेश कुमार (27) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया।














