गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र से कथित रूप से अपहृत 16 वर्षीय मूकबधिर किशोरी को पुलिस ने महज 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने रविवार रात करीब 10 बजे सैदपुर क्षेत्र के पहुंटा गांव स्थित एक मकान से किशोरी को खोज निकाला। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह वहां किन परिस्थितियों में पहुंची और इस दौरान उसके साथ क्या हुआ।
घटना 1 अगस्त की दोपहर की है। बरेजी गांव निवासी किशोरी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास बकरियां चरा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उसे अपने साथ ले गए। परिजनों की तहरीर पर मुहम्मदाबाद कोतवाली में तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं।
तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों संदिग्ध युवकों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के कड़े निर्देश और लगातार निगरानी में चलाए गए अभियान के चलते पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।














