
05 अक्टूबर2024 को किवनीस क्लब ऑफ़ नई दिल्ली द्वारा “वर्ल्ड सेरेब्रल पाल्सी डे” के उपलक्ष्य में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष अजय मल्होत्रा (रूसी संघ में भारत के पूर्व राजदूत) ने की। इस अवसर पर क्लब के प्रमुख सदस्य रविश चोपड़ा, कुलदीप मेहता, प्रणव रानाडे, संजीव वर्मा, विजय पहवा, एम.एल. जैन, नितिन विजय गुप्ता और श्वेता शाही राणा भी उपस्थित रहे।
विशेष अतिथियों में संस्कृत विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर मुरली मनोहर पाठक, डिस्ट्रिक्ट सोशल वेलफेयर ऑफिसर श्री धर्मेंद्र प्रसाद, डिस्ट्रिक्ट साउथ वेस्ट सोशल वेलफेयर विभाग की प्रियंका यादव, और इनर व्हील क्लब ऑफ सैनिक फार्म्स के सदस्य मौजूद थे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी (मस्तिष्क पक्षाघात) के प्रति जागरूकता फैलाना था। किवनीस क्लब ऑफ़ नई दिल्ली विकलांगों के लिए सहायक उपकरण जैसे कृत्रिम हाथ-पैर, पोलियो कैलिपर, वॉकिंग स्टिक, कॉकप स्प्लिंट, नी गेटर्स, सेरेब्रल पाल्सी चेयर, स्टैंडिंग फ्रेम और कॉर्नर चेयर आदि बनाता है और इन्हें निःशुल्क वितरित करता है। क्लब ने भारतीय सेना के सहयोग से बॉर्डर क्षेत्रों में भी इन उपकरणों का निःशुल्क वितरण शुरू किया है, जो २०१२ से लगातार जारी है।

सेरेब्रल पाल्सी एक न्यूरोलॉजिकल विकार है जो मस्तिष्क की क्षति के कारण होता है और यह मांसपेशियों के नियंत्रण, गति और पोस्चर को प्रभावित करता है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष अजय मल्होत्रा ने सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए। डॉ. हिमानी निरुला ने सेरेब्रल पाल्सी के इलाज में फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी और सेंसरी इंटीग्रेशन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी इस विकार के प्रति जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में, “लाइफ एंड लिंब” के सहयोग से चार लाभार्थियों को एडवांस वर्शन के कृत्रिम हाथ निःशुल्क वितरित किए गए, जो इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।