गोटेनबर्ग/स्टॉकहोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीडन में आयोजित ‘यूरोपियन CEO राउंड टेबल’ को संबोधित करते हुए भारत को दुनिया की सबसे भरोसेमंद और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया। उन्होंने यूरोपीय देशों और वैश्विक उद्योग जगत को भारत की विकास यात्रा में साझेदार बनने का खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि आज का भारत केवल एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के लिए समाधान तैयार करने वाली शक्ति बन चुका है।
स्वीडन के गोटेनबर्ग शहर में Volvo Group की ओर से आयोजित इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में यूरोप के शीर्ष उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और कारोबारी नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर भी मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और भारतीय स्टार्टअप AI, फिनटेक, स्पेस, ड्रोन और मोबिलिटी जैसे भविष्य के क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर समाधान तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल तकनीक का उपभोक्ता नहीं, बल्कि इनोवेशन का नेतृत्व करने वाला देश बन रहा है।
PM मोदी ने कहा,
“मैं आपको भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए आमंत्रित करने आया हूं। सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के तौर पर भारत एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारी युवा आबादी, बढ़ता मध्यम वर्ग और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार भारत की ग्रोथ को नई गति दे रहे हैं।”
वैश्विक संकटों के बीच भारत-यूरोप साझेदारी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया कई चुनौतियों से जूझ रही है। सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ रहा है, तकनीकी प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है और ऊर्जा सुरक्षा व जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दे वैश्विक चिंता बने हुए हैं। ऐसे दौर में भारत और यूरोप मिलकर स्थिरता, सस्टेनेबिलिटी और साझा समृद्धि के मजबूत स्तंभ बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत और यूरोप के संबंध अब एक “नए अहम मोड़” पर पहुंच चुके हैं। दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक और महत्वाकांक्षी एजेंडा तय किया गया है और भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को जल्द लागू करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
PM मोदी ने यह भी कहा कि सुरक्षा और रक्षा साझेदारी के साथ-साथ मोबिलिटी एग्रीमेंट ने भारत और यूरोप के रिश्तों को नई दिशा दी है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में टेक्नोलॉजी, रक्षा, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में दोनों पक्षों के बीच सहयोग और गहरा होगा।
“Reform, Perform, Transform” से बदलता भारत
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले 12 वर्षों में हुए आर्थिक और प्रशासनिक सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने “Reform, Perform and Transform” के मंत्र पर लगातार काम किया है।
Prime Minister Ulf Kristersson and I met business leaders of Sweden in Gothenburg last evening. Her Royal Highness Crown Princess Victoria also took part in this interaction. We had wide ranging conversations with the business leaders on how economic linkages between India and… pic.twitter.com/pOzRAD4Yys
— Narendra Modi (@narendramodi) May 18, 2026
उन्होंने कहा कि सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और तेज फैसलों के कारण भारत की “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और नई टेक्नोलॉजी आधारित अर्थव्यवस्था ने भारत को वैश्विक निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक गंतव्यों में बदल दिया है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत की युवा आबादी और तेजी से बढ़ता मध्यम वर्ग आने वाले दशकों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
स्वीडन ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन का प्रतिष्ठित सम्मान “रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस” प्रदान किया गया। यह सम्मान किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है।
यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को उनकी स्वीडन यात्रा के दौरान दिया गया और इसके साथ ही वे विदेशी देशों से सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मान पाने वाले विश्व नेताओं में शामिल हो गए। यह उन्हें मिला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान बताया जा रहा है।
अब नॉर्वे रवाना होंगे PM मोदी
स्वीडन दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी आज नॉर्वे के लिए रवाना होंगे। यह उनकी पांच देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा का हिस्सा है, जिसे भारत की आर्थिक, रणनीतिक और कूटनीतिक स्थिति को और मजबूत करने के नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है।














