गाजीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड सैदपुर और देवकली में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सदस्यों के आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देकर समूह सदस्यों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, उद्योग और बैंकिंग विभाग के अधिकारियों ने स्वरोजगार, डेयरी, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, सिलाई-कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योग जैसी आयवर्धक गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि एवं रिवॉल्विंग फंड सहित विभिन्न ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि समूहों से जुड़े ऋण मामलों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न की जाए। वहीं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि समूह आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि की जा सकती है।कार्यक्रम के दौरान समूह सदस्यों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। अंत में जिलाधिकारी ने सैदपुर में पौधरोपण किया तथा समूह सदस्यों ने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।














