गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उनके चंदन नगर स्थित आवास पर संपन्न हुई। इस बैठक में 23 मार्च 2025 को लंका मैदान में आयोजित होने वाले कायस्थ सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से इस आयोजन के संयोजक के रूप में महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव को नामित किया गया।बैठक में मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव को सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव और महामंत्री अरुण सहाय ने उन्हें अंग वस्त्रम और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ दशकों से कायस्थ समाज को राजनीतिक उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। यह पहला केंद्रीय मंत्रिमंडल है जिसमें कायस्थ समाज का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। उन्होंने कायस्थ समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज अब अपनी ताकत दिखाने के लिए एकजुट हो रहा है।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे सुबोधकांत सहाय
अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सुबोधकांत सहाय शामिल होंगे।बैठक में शैल श्रीवास्तव, मोहनलाल श्रीवास्तव, पियूष श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, और अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अरुण सहाय ने किया।
कायस्थ समाज की एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन
इस सम्मेलन को समाज की ताकत दिखाने और राजनीतिक दलों को संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने सभी सदस्यों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

