गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद की आटा निर्माण इकाइयों पर विशेष अभियान चलाते हुए छह नमूने एकत्र किए और 1454 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया। जब्त आटे का अनुमानित मूल्य 36,740 रुपये बताया गया है।
अभियान के दौरान जमलापुर देहाती स्थित मेसर्स राजेश इंटरप्राइजेज से गोपाल भोग और सम्पूर्ण भोग ब्रांड के आटे के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं डेहमा ताजपुर स्थित मेसर्स अर्चना एग्रो इंडस्ट्रीज से चक्की फ्रेश आटा का एक नमूना लिया गया तथा 1376 किलोग्राम आटा, जिसकी अनुमानित कीमत 34,400 रुपये है, सीज किया गया।
इसके अलावा बिरनो स्थित मेसर्स चौधरी इंटरप्राइजेज से गेहूं के आटे का एक नमूना लिया गया और 78 किलोग्राम आटा, जिसकी कीमत लगभग 2,340 रुपये है, जब्त किया गया। रेवतीपुर स्थित मेसर्स बाबा विश्वनाथ राइस एंड फ्लोर मिल से किसान शक्ति भोग ब्रांड के आटे के दो नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) आर.सी. पाण्डेय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने चलाया।














