गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को आईटीआई सदर स्थित अस्थायी गौशाला (नगर पालिका परिषद) तथा मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने और कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश के लिए उपलब्ध हरे चारे और भूसे की मात्रा का अवलोकन किया तथा उनके समुचित भंडारण और नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गौशाला में विद्युत कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा पशु मृत्यु रजिस्टर की भी जांच की। परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य अधूरा मिलने पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण रजिस्टर का अवलोकन किया और उसमें दर्ज एक लाभार्थी से फोन पर संपर्क कर स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की जानकारी ली। जन्म पंजीकरण रजिस्टर और बच्चों के टीकाकरण अभिलेखों की भी जांच करते हुए एक बच्चे के अभिभावक से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी तथा सदर एसडीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














