
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। औरंगजेब की तारीफ करने वाले बयान पर उनके खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। जनता के विरोध के साथ ही शिवसेना के सांसद नरेश म्हास्के ने वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन में आजमी पर एफआईआर दर्ज करवाई है।
म्हास्के ने अबू आजमी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 299, 302, 356(1) और 356(2) के तहत मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि मुगल शासक औरंगजेब की प्रशंसा करके आजमी ने धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
पहले भी औरंगजेब की तारीफ कर चुके हैं आजमी
यह पहली बार नहीं है जब अबू आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की है। साल 2023 में भी उन्होंने ऐसा ही बयान दिया था, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी।
क्या है पूरा विवाद?
अबू आजमी ने मुंबई में मीडिया से बातचीत में कहा था कि इतिहास को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए, वह क्रूर नहीं था और कभी जनता का पैसा अपने लिए नहीं लिया। उन्होंने कहा कि औरंगजेब का शासन बर्मा (म्यांमार) तक फैला था और उस समय भारत को “सोने की चिड़िया” कहा जाता था। आजमी के अनुसार, औरंगजेब एक महान प्रशासक था और उसकी सेना में कई हिंदू कमांडर भी थे।
आजमी का यह बयान हाल ही में रिलीज़ हुई छावा फिल्म को लेकर सामने आया, जिसके बाद भारी विरोध शुरू हो गया।
एकनाथ शिंदे बोले- चले देशद्रोह का मुकदमा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आजमी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। शिंदे ने कहा, “आजमी ने उस औरंगजेब की तारीफ की, जिसने छत्रपति संभाजी महाराज को 40 दिनों तक अमानवीय यातनाएं दीं। ऐसे व्यक्ति की तारीफ करना महापाप और अपराध है। इसके लिए आजमी को माफी मांगनी चाहिए।”
आजमी के बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और शिवसेना के नेता उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।