HomeCrimeगाजीपुर - पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी...

गाजीपुर – पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

गाजीपुर – भांवरकोल थाना क्षेत्र के मुंडेरा बुजुर्ग ग्राम पंचायत के श्रीपुर गांव में बुधवार सुबह 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रिंस राय उर्फ धनजी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने गांव के पश्चिम स्थित एक बागीचे में शव लटका देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर भांवरकोल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

प्रिंस राय अपने पिता सुनील राय के तीन पुत्रों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार में मातम छा गया है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments