Wednesday, July 29, 2026
Your Dream Technologies
HomePoliticsगाजीपुर - राज्य विश्वविद्यालय की मांग तेज, सीएम से मुलाकात के लिए...

गाजीपुर – राज्य विश्वविद्यालय की मांग तेज, सीएम से मुलाकात के लिए छात्रों ने सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर – राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर विनोद जोशी को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने 30 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर दौरे के दौरान शिष्टाचार भेंट का अवसर देने तथा उनका नाम आधिकारिक प्रोटोकॉल सूची में शामिल करने की मांग की। साथ ही अनुरोध किया कि यदि मुलाकात संभव न हो, तो छात्रों का ज्ञापन हर हाल में मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए।

पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर में 360 से अधिक महाविद्यालय संचालित होने के बावजूद आज तक राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय के अभाव में छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा करते समय गाजीपुर में राज्य विश्वविद्यालय की मांग को मजबूती से उठाएं।

छात्र नेता अभिषेक पांडेय ने कहा कि सरकार हर जिले में विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है, इसलिए गाजीपुर की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। वहीं विकास यादव ने कहा कि छात्र समुदाय अपनी मांग को लोकतांत्रिक और सकारात्मक तरीके से लगातार उठाता रहेगा, जब तक जनपद को राज्य विश्वविद्यालय नहीं मिल जाता।

इस दौरान राज्य विश्वविद्यालय की मांग को आगे बढ़ाने के लिए एक रणनीति भी बनाई गई, जिसमें डॉ. शम्मी सिंह और दीपक उपाध्याय को संयोजक बनाया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक उपाध्याय, अभिषेक पांडेय, विकास यादव, निलेश बिन्द, विशाल मौर्या, विवेक प्रधान, अमृतांश बिन्द, रजनीश राय, अभिनव रंजन, सुधांशु पांडे सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा मौजूद रहे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button