गाजीपुर। जनपद में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने नवीन मंडी, यूसुफपुर मोहम्मदाबाद स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा), मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, राजन सिंह, आनंद राय मुन्ना, हिमांशु सिंह, शचींद्र नाथ सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकें।














