गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक विक्षिप्त युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर मानवीय सेवा की मिसाल पेश की। यह मामला 27 जुलाई 2026 की रात का है, जब थाना क्षेत्र के ग्राम बारा में एक विक्षिप्त व्यक्ति के घूमने की सूचना ग्रामीणों ने डायल-112 पर दी।सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षा की दृष्टि से थाना गहमर ले आई। थाना पुलिस ने उससे पूछताछ करने के साथ ही उसकी पहचान के लिए आवश्यक प्रयास किए। जांच के दौरान उसकी पहचान इरशाद उर्फ लड्डू पुत्र मोहम्मद गुलजार, निवासी वार्ड संख्या-5, मोहनपुर, थाना सिमरी बख्तियारपुर, जनपद सहरसा (बिहार) के रूप में हुई।इसके बाद गहमर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें घटना की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर आवश्यक सत्यापन और विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इरशाद उर्फ लड्डू को उसके परिजन मोहम्मद आलम के सुपुर्द कर दिया गया।अपने परिजन को सकुशल वापस पाकर परिवार के लोगों ने गहमर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।














