गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सरजू पांडे पार्क, कचहरी परिसर में अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन न्यायिक एसडीएम को सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि प्रभु श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी की खबरों ने धार्मिक जनता को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे और पशुपतिनाथ राय ने कहा कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन मंदिर के चढ़ावे की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ विश्वासघात बताया।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा और एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि राम मंदिर पूरे देश की आस्था का केंद्र है और चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक करेगी।
इस दौरान बटुकनारायण मिश्रा, जनक कुशवाहा, ज्ञान प्रकाश सिंह, हामिद अली, राजेश गुप्ता, नसीम अख्तर, आलोक यादव, पारसनाथ उपाध्याय, इरफान खान, सुमन चौबे, डॉ. समर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।














