गाजीपुर। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में ऑटो और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान तोड़रपुर, थाना भांवरकोल निवासी अशोक कुमार की मौत हो गई। वहीं, दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घायलों में हसनपुर गौड़ा, थाना बरेसर निवासी पारस, अहिरौली मोहम्मदाबाद निवासी दिनेश सिंह कुशवाहा (55) और उनकी पत्नी मंजू देवी (48) शामिल हैं। दोनों का इलाज गाजीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल मनिया मिर्जाबाद, थाना भांवरकोल निवासी सुनील गौड़ और सौना रसूलपुर, थाना नोनहरा निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया।
घायल दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि वह अपनी पत्नी मंजू देवी और अन्य लोगों के साथ मोहम्मदाबाद के अहिरौली से ऑटो से गाजीपुर आ रहे थे। इसी दौरान हादसे वाली जगह पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मृतक अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।















